
पार्षद रजनी सुरेंद्र साहू ने लंबित एवं नवीन कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने का रखा प्रस्ताव
कटनी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत 7 अगस्त 2026 को नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 79 में विकास कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण पहल की गई। वार्ड क्रमांक 79 की पार्षद श्रीमती रजनी सुरेंद्र साहू ने नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार के समक्ष वार्ड से संबंधित विभिन्न स्वीकृत, लंबित एवं नवीन विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराए जाने का आग्रह किया।
इस दौरान पार्षद ने वार्ड की मूलभूत आवश्यकताओं एवं विभिन्न निर्माण कार्यों से संबंधित विषयों को नगर निगम आयुक्त के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वीकृत कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के साथ ही लंबित कार्यों पर भी शीघ्र कार्रवाई आवश्यक है।
नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को वार्ड से जुड़े विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों के संबंध में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के दौरान उपस्थित जनसमुदाय से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से स्थानीय स्तर पर नागरिकों की समस्याओं को सुनने और उनके निराकरण की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया। वार्डवासियों ने भी विकास कार्यों को लेकर अपनी अपेक्षाएं एवं समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
अभियान के दौरान नगर निगम का अमला एवं वार्ड के सम्मानित साथी मनीष कुशवाहा, शिशुपाल यादव, राजेश सेन, निहाल यादव, नकुल यादव, अजय सेन, अभिषेक यादव सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।

