
रघुवंश विद्यालय के विद्यार्थियों ने लिया नशा मुक्त समाज और सुरक्षित यातायात का संकल्प, कटनी पुलिस ने दिए जीवनरक्षक नियमों के गुर…
कटनी। युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से कटनी पुलिस द्वारा संचालित “नशा से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत गुरुवार को ट्रैफिक पाठशाला में रघुवंश विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ“नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “नशा से दूरी है जरूरी 2.0” के नारों से वातावरण को जागरूकता के संदेश से गुंजायमान कर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह एवं सूबेदार सोनम उइके ने विद्यार्थियों को बताया कि नशा केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज में भी नशा से दूरी है जरूरी 2.0 का संदेश पहुंचाकर जागरूक नागरिक की भूमिका निभाएं।
इस दौरान ट्रैफिक पाठशाला में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों की भी व्यवहारिक जानकारी दी गई। हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, ट्रैफिक सिग्नलों का पालन, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करना तथा सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके विस्तार से समझाए गए। अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर अनेक सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और अनमोल जीवन बचाए जा सकते हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नशा मुक्त भारत और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के निर्माण का संकल्प लेते हुए कटनी पुलिस के अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का विश्वास दिलाया।
इस अवसर पर यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह, सूबेदार सोनम उइके, प्रधान आरक्षक छोटेलाल, प्रधान आरक्षक राजेश मरावी, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र सिंह, आरक्षक राजकुमार अहिरवार, आरक्षक मंजय यादव, सहित यातायात विभाग का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाते हुए उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनाना रहा।
