
‘एक पेड़ मां वसुंधरा के नाम’ अभियान के तहत तेवरी में पौधारोपण, मानवाधिकार परिषद की बैठक में संगठन विस्तार और स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों पर मंथन

कटनी। मानवाधिकार परिषद द्वारा समाज में मानवाधिकारों के प्रति जनजागरण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत तेवरी में ‘एक पेड़ मां वसुंधरा के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व परिषद के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामकुमार द्विवेदी ने किया। पौधारोपण के उपरांत स्थानीय ग्राम पंचायत भवन में परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें संगठन के विस्तार, नव-नियुक्त पदाधिकारियों के परिचय एवं आगामी गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता ग्रामीण जिलाध्यक्ष भरत कुमार तिवारी एवं स्लीमनाबाद तहसील अध्यक्ष महेंद्र द्विवेदी ने की। इस अवसर पर प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर.के. द्विवेदी, संभागीय उपाध्यक्ष संजय जैन, संभाग महिला विंग अध्यक्ष एवं समाजसेवी-अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी, जिला महिला उपाध्यक्ष दुर्गा तोमर सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी ने कहा कि मानवाधिकार केवल अधिकार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का भी बोध कराते हैं। उन्होंने कहा, “हम किसी से भीख नहीं मांगते, बल्कि अपने संवैधानिक हक, अधिकार और कर्तव्यों की बात करते हैं। जब हर नागरिक अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करेगा, तभी एक मजबूत और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण संभव होगा।”
प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर.के. द्विवेदी ने कहा कि मानवाधिकार परिषद का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक अधिकारों की जानकारी पहुंचाना और जरूरतमंदों को न्याय दिलाने में सहयोग करना है। वहीं संभागीय उपाध्यक्ष संजय जैन ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान नव-नियुक्त पदाधिकारियों को परिचय-पत्र (आईडी कार्ड) वितरित किए गए तथा सभी पदाधिकारियों का परिचय कराया गया। साथ ही 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। संगठन की जिला एवं तहसील कार्यकारिणी का शीघ्र विस्तार करने पर भी सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम में अनिल महोबिया, राजेश हल्दकार, सुनील हल्दकार, ग्रामीण सचिव सुरेंद्र पांडेय, अखिलेश श्रीवास्तव, कजय हल्दकार, राजेश रैदास, मुलायम चंद महोबिया, विजय द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने ‘एक पेड़ मां वसुंधरा के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा समाज में मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
