
रेलवे स्टेशन स्थित ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स का जंक्शन बीयर बार सहित आधा दर्जन दुकानें सील
30 दिन की मोहलत के बाद भी भुगतान नहीं होने पर निगम की सख्त कार्रवाई, बिना अनुमति सील तोड़ी तो होगी कानूनी कार्रवाई
कटनी। नगर पालिक निगम कटनी ने लंबे समय से लंबित बकाया राशि की वसूली को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के समीप स्थित ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स में संचालित जंक्शन बीयर बार सहित आधा दर्जन दुकानों को सीलबंद कर दिया। नगर निगम प्रशासन ने यह कार्रवाई 1 करोड़ 59 लाख 28 हजार 641 रुपये की बकाया राशि जमा नहीं किए जाने के बाद की है।
नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर सोमवार 27 जुलाई 2026 को की गई इस कार्रवाई से व्यापारिक प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया। निगम अधिकारियों के अनुसार, ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स में संचालित नर्मदा कोन टेक प्राइवेट लिमिटेड को बकाया राशि जमा करने के लिए विधिवत मांग सूचना पत्र जारी किया गया था।
30 दिन की समय सीमा समाप्त, फिर निगम ने लगाया ताला
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 174 के तहत संस्थान को नोटिस जारी कर 30 दिन का समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं की गई। इसके बाद निगम ने अधिनियम की धारा 175(1) के तहत वारंट जारी कर सीलिंग की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान रेलवे स्टेशन स्थित ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स में संचालित जंक्शन बीयर बार सहित आधा दर्जन दुकानों पर निगम का ताला लगा दिया गया।
1.59 करोड़ की देनदारी बनी कार्रवाई की वजह
नगर निगम के आदेश पत्र क्रमांक 1639/रा.वि./बा.शा./2026 दिनांक 24 जुलाई 2026 के अनुसार, संबंधित संस्थान पर कुल ₹1,59,28,641/- की राशि बकाया थी। इतनी बड़ी राशि का भुगतान नहीं होने पर निगम प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए प्रतिष्ठानों को सील कर दिया।सील से छेड़छाड़ पर होगी कार्रवाई।
सील से छेड़छाड़ पर होगी कार्रवाई
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि बिना अनुमति सील तोड़ने, ताला खोलने या किसी भी प्रकार से सील के साथ छेड़छाड़ करने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निगम अधिकारियों का कहना है कि बकाया राशि का पूर्ण भुगतान होने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।
नगर निगम की इस बड़ी कार्रवाई से शहर में बकायेदारों के बीच हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई है।
