
मानसून की सांझ ने रचा अद्भुत नज़ारा • गुलाबी, बैंगनी और सुनहरी आभा से सजा आसमान • राहगीर बोले— “ऐसा दृश्य रोज़ नहीं दिखता”, हर कोई मोबाइल में कैद करने को हुआ मजबूर
कटनी। रविवार की शाम मानसून ने कटनी को ऐसा प्राकृतिक उपहार दिया, जिसने शहरवासियों का दिल जीत लिया। जगन्नाथ मंदिर ओवरब्रिज से लेकर बरगवां मार्ग तक आसमान पर फैली गुलाबी, बैंगनी और सुनहरी रंगों की अद्भुत छटा ने ऐसा दृश्य रचा, मानो प्रकृति ने खुद अपने हाथों से आकाश पर रंग भर दिए हों।
सूर्यास्त के साथ बदलते बादलों की मनमोहक आकृतियां और क्षितिज पर बिखरी लालिमा ने पूरे वातावरण को रोमांचक और आकर्षक बना दिया। ओवरब्रिज से गुजर रहे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक इस नजारे को देखकर कुछ पल के लिए ठहर गए। कई लोगों ने अपने वाहन सुरक्षित स्थान पर रोककर इस दुर्लभ दृश्य का आनंद लिया और अपने मोबाइल फोन में तस्वीरें एवं वीडियो कैद किए।
देखते ही देखते यह प्राकृतिक दृश्य राहगीरों के बीच चर्चा का विषय बन गया। किसी ने इसे “प्रकृति की जीवंत पेंटिंग” कहा तो किसी ने “कटनी का सबसे खूबसूरत मानसूनी सूर्यास्त” बताया। सोशल मीडिया पर भी इस आकाशीय नजारे की तस्वीरें तेजी से साझा की जाने लगीं।
मानसून के मौसम में इस तरह के रंग-बिरंगे आकाशीय दृश्य विरले ही देखने को मिलते हैं। रविवार की यह शाम कटनीवासियों के लिए केवल एक सूर्यास्त नहीं, बल्कि प्रकृति की ऐसी अनमोल प्रस्तुति बन गई जिसे जिसने भी देखा, वह उसकी खूबसूरती को अपने कैमरे और यादों में हमेशा के लिए संजो लेना चाहता था।
