
सड़क पर दौरा पड़ते ही गिरी नाबालिग बच्ची, समय रहते सीपीआर देकर बचाई जान
मिशन चौक पर ड्यूटी निभाते पुलिसकर्मियों की तत्परता बनी जीवनदान, परिजनों ने कहा— “आपने हमारी बेटी को नया जीवन दिया”
कटनी। सड़क पर ड्यूटी निभा रही कटनी यातायात पुलिस ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि वर्दी केवल कानून व्यवस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी पहचान भी है। रविवार शाम मिशन चौक पर एक नाबालिग बच्ची अचानक दौरा (फिट्स) पड़ने से स्कूटी से गिरकर अचेत हो गई। कुछ ही पलों में घटनास्थल पर मौजूद यातायात पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए बच्ची को सुरक्षित यातायात चौकी पहुंचाया, जहां समय रहते सीपीआर (CPR) देकर उसकी जान बचा ली गई।
कटनी ट्रैफिक थाना प्रभारी अनूप सिंह के मार्गदर्शन में मिशन चौक पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे सुबेदार सोनम उइके, एसआई राजकुमार झरिया, एएसआई अशोक सिंह, राजकुमार अहिरवार, मंजय यादव एवं सुजाता अली अपनी नियमित ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान मिशन चौक से माधवनगर की ओर जा रही स्कूटी पर सवार नाबालिग बच्ची को अचानक फिट्स आया और वह सड़क पर गिर पड़ी।
घटना को देखते ही यातायात पुलिसकर्मी तत्काल बच्ची के पास पहुंचे और बिना देर किए उसे मिशन चौक यातायात चौकी लेकर आए। वहां एएसआई अशोक सिंह ने प्राथमिक उपचार देते हुए सीपीआर (Cardiopulmonary Resuscitation) शुरू किया। कुछ ही क्षणों में बच्ची की सांसें सामान्य होने लगीं और उसकी हालत में सुधार आ गया। समय पर मिली इस सहायता ने एक अनमोल जीवन को सुरक्षित बचा लिया।
ट्रैफिक पुलिसकर्मी मंजय यादव ने बताया कि सड़क पर गिरते ही बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए पूरी टीम ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। सभी पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई और समन्वय के कारण बच्ची को समय रहते जीवनरक्षक सहायता मिल सकी।
घटना के बाद जब बच्ची पूरी तरह सुरक्षित हुई तो उसके परिजनों की आंखें नम हो गईं। उन्होंने कटनी यातायात पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “यदि पुलिस समय पर मदद नहीं करती, तो हमारी बेटी की जान भी जा सकती थी। ट्रैफिक पुलिस ने हमारी बेटी को नया जीवन दिया है।”
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि कटनी यातायात पुलिस केवल यातायात संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की हर घड़ी में आम नागरिकों की सुरक्षा और जीवन रक्षा के लिए पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय सेवा भाव के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रही है।
