
नगर निगम के सामने सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, 14 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा…
कटनी। राष्ट्रीय मूलनिवासी बहुजन कर्मचारी संघ के बैनर तले सोमवार को सैकड़ों सफाई कर्मचारी नगर निगम कटनी कार्यालय के सामने एकत्रित हुए और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था में बढ़ते मशीनीकरण, ठेका प्रथा और आउटसोर्सिंग व्यवस्था के कारण श्रमिकों के रोजगार एवं आजीविका पर संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी आज भी जोखिम भरे कार्यों में अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं, लेकिन उन्हें पर्याप्त सुरक्षा, सम्मान और सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
कर्मचारियों ने मांग की कि कार्य से पृथक किए गए आउटसोर्स श्रमिकों की आईडी पुनः चालू कर उन्हें काम पर रखा जाए, ताकि उनके परिवारों का भरण-पोषण हो सके। साथ ही सभी सफाई कर्मचारियों को गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक नीतियां तत्काल लागू की जाएं।
मुख्य मांगेंआउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं बहाल की जाएं।मृतक सफाई कर्मचारियों के परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति दी जाए।सभी श्रेणी के सफाई कर्मचारियों को दुर्घटना एवं मृत्यु सहायता राशि का लाभ मिले।बरसात के दौरान सुरक्षा उपकरण, रेनकोट, गमबूट एवं दस्ताने उपलब्ध कराए जाएं।
ठेका एवं आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर कर्मचारियों का स्थायीकरण किया जाए।कर्मचारियों के बच्चों के लिए उच्च शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।सफाई कर्मचारियों के लिए पेंशन योजना लागू की जाए।
स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत 10 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की व्यवस्था की जाए।
गैस दुर्घटना में मृत्यु होने पर 1 करोड़ रुपये मुआवजा एवं परिजनों को सरकारी नौकरी दी जाए।
संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाए।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी 14 सूत्रीय मांगों पर एक सप्ताह के भीतर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे राष्ट्रीय मूलनिवासी बहुजन कर्मचारी संघ के नेतृत्व में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
रिपोर्ट: हेमंत सिंह,
