कटनी। विश्व योग दिवस के अवसर पर साध्वी जन कल्याण समिति द्वारा जिला जेल कटनी में पहली बार महिला बंदियों के लिए विशेष योग शिविर का शुभारंभ किया गया। संस्था की इस सराहनीय पहल को जिला जेल प्रशासन ने महिला बंदियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया है।
यह योग शिविर 15 जून से 21 जून तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें महिला बंदियों को योग, प्राणायाम एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं। शिविर के माध्यम से महिलाओं को तनावमुक्त जीवन, सकारात्मक सोच तथा आत्मविश्वास विकसित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में जेल अधीक्षक प्रभात चतुर्वेदी, जेल प्रहरी अरविंद कुमार एवं शिक्षिका दीप्ती श्रीवास्तव का विशेष सहयोग रहा। वहीं, कामनी वंशकार द्वारा महिला बंदियों को नियमित योगाभ्यास एवं विभिन्न योग क्रियाओं का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
साध्वी जन कल्याण समिति की अध्यक्ष साध्वी निगम ने बताया कि महिला बंदियों के बीच स्वास्थ्य जागरूकता, आत्मबल एवं सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण विकसित करने की आवश्यकता को देखते हुए इस योग शिविर का आयोजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन का भी माध्यम है।जेल प्रशासन ने संस्था के इस सामाजिक एवं जनहितकारी प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक एवं कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की है।
