बस ऑपरेटरों की समस्याओं को लेकर प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह से मिले शुभ प्रकाश मिश्रा
भाजपा की मासिक जिला बैठक में हुए शामिल, बस परिवहन व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं से कराया अवगत
कटनी। शनिवार 09 मई 2026 को भाजपा की मासिक जिला बैठक में शामिल होने कटनी पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से कटनी बस एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष शुभ प्रकाश मिश्रा ने जिला भाजपा कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जिले में संचालित बस परिवहन व्यवस्था एवं बस ऑपरेटरों को आ रही विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
शुभ प्रकाश मिश्रा ने प्रभारी मंत्री को बताया कि जिले में बस संचालकों को परिवहन व्यवस्था के संचालन में कई प्रकार की व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिनके निराकरण की आवश्यकता है। उन्होंने बस ऑपरेटरों से जुड़े मुद्दों एवं यात्री सुविधाओं के संबंध में भी प्रभारी मंत्री को अवगत कराया।
प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विषयों पर उचित पहल करने का आश्वासन दिया। मुलाकात के दौरान समसामयिक विषयों एवं जिले की परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाए जाने को लेकर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर शुभ प्रकाश मिश्रा भाजपा की मासिक जिला बैठक कार्यक्रम में भी शामिल रहे, जहां संगठनात्मक विषयों एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की गई।
