कटनी/बड़वारा। विधानसभा बड़वारा अंतर्गत ग्राम बच्छौली से देवरी हटाई मार्ग की जर्जर हालत को लेकर ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने सड़क पर उतरकर धरना प्रदर्शन किया। वर्षों से खराब पड़ी इस सड़क को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी देखी गई। धरना प्रदर्शन के दौरान अंकिता राय ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जगह-जगह गड्ढे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। खासकर स्कूली छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों और मरीजों को आवागमन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ-साथ छात्र-छात्राएं भी शामिल रहे। खराब सड़क के कारण बारिश के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जिससे गांव का संपर्क मुख्य मार्ग से लगभग कट जाता है। इस धरना प्रदर्शन में बड़वारा कांग्रेस कमेटी भी सम्मिलित हुई और सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रशासन को चेतावनी दी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि शीघ्र ही सड़क निर्माण या मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। ग्रामीणों ने एक स्वर में मांग की कि बच्छौली–देवरी हटाई मार्ग का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
