कटनी : ट्रैफिक टीआई राहुल पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षित यातायात को अमल में लाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” थीम आधारित अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में आज शुक्रवार, 16 जनवरी 2026 को दोपहर के समय कटनी महिला कॉलेज की छात्राओं ने झिझरी बिलहरी मोड़ के पास ट्रैफिक पुलिस बल के साथ मिलकर यातायात जागरूकता अभियान चलाया।
इस दौरान छात्राओं एवं ट्रैफिक पुलिस ने दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। दोपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की समझाइश दी गई, साथ ही मोटरसाइकिल पर पीछे बैठने वाले सवार को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के महत्व से अवगत कराया गया।
यातायात पुलिस का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों के जीवन की रक्षा सुनिश्चित करना है।

