Katni : कटनी शहर में चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य आम नागरिकों के लिए बड़ी मुसीबत बनता जा रहा है। बरगवां रोड क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से जारी सीवर लाइन कार्य के कारण रोज़ाना घंटों लंबा ट्रैफिक जाम लग रहा है, जिससे शहरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि इसमें एम्बुलेंस जैसे आपातकालीन वाहन भी फंस जाते हैं। कई बार मरीजों को लेकर जा रही या मरीज लेने जा रही एम्बुलेंस घंटों तक जाम में अटकी रहती हैं, जिससे समय पर उपचार में बाधा उत्पन्न होने का खतरा बना रहता है।
सोमवार दोपहर बरगवां रोड पर स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की सूचना मिलते ही ट्रैफिक इंस्पेक्टर राहुल पांडे ने तत्परता दिखाते हुए अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। ट्रैफिक पुलिस ने प्राथमिकता के आधार पर एम्बुलेंस वाहनों को रास्ता दिलाया और जाम में फंसे अन्य वाहनों को भी धीरे-धीरे सुचारू रूप से निकलवाया।

ट्रैफिक पुलिस की सक्रियता से घंटों से परेशान वाहन चालकों और आम नागरिकों को राहत मिली। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक सीवर लाइन कार्य के दौरान वैकल्पिक ट्रैफिक व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक इस तरह की परेशानी बनी रहेगी।
