कटनी।रिश्तेदारी में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे रीठी निवासी 45 वर्षीय सुनील दुबे की कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत आरटीओ कार्यालय के पास हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। यह दुर्घटना सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से हुई भिड़ंत के कारण हुई।
अस्पताल चौकी पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक सुनील दुबे मोटरसाइकिल से सुधार न्यास क्षेत्र में आयोजित रिश्तेदारी के कार्यक्रम से अपने घर रीठी लौट रहे थे। इसी दौरान आरटीओ कार्यालय के पास सामने से आ रही मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
इस हादसे में सामने वाली मोटरसाइकिल पर सवार दो अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं डॉक्टरों द्वारा परीक्षण के बाद रीठी थाना क्षेत्र निवासी सुनील दुबे की मौत की पुष्टि की गई।
पुलिस के अनुसार मृतक के शव को जिला अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है। कुठला थाना पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
