
खनिज संपदा के लिए पहचाने जाने वाले कटनी जिले को एक और बड़ी सौगात मिली है। सोने की खान के संकेत मिलने के बाद अब जिले में कोयले का बड़ा भंडार मिलने की पुष्टि हुई है। कोयले की गुणवत्ता और उसके फैलाव की जांच के लिए कटनी–जबलपुर की पांच सदस्यीय GIS टीम आज मौके पर पहुंची। अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में कोयले की क्वॉलिटी काफी बेहतर पाई गई है, जबकि इसकी परतों और क्षेत्रफल की सटीक जानकारी ड्रिलिंग के बाद सामने आएगी।


रिपोर्ट:जानकारी के अनुसार कटनी जिले के बड़वारा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लोहरवारा में उमरार नदी के किनारे कोयले की मोटी परत मिलने की पुष्टि हुई है। जांच के लिए जबलपुर से पहुंचे क्षेत्रीय प्रमुख अधिकारी संजय धोपेश्वर, सहायक भू-वैज्ञानिक विमलेश चौधरी, कटनी खनिज उपसंचालक रत्नेश दीक्षित, सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा सहित पांच सदस्यीय टीम ने मौके पर पहुंचकर कोयले के सैंपल एकत्र किए।


खनिज उपसंचालक रत्नेश दीक्षित ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यहां थर्मल और स्टीम क्वॉलिटी का कोयला पाया गया है, जिसकी गुणवत्ता काफी अच्छी है। हालांकि कोयला कितनी गहराई में है और कितने क्षेत्र में फैला है, इसका पता लगाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर 50 से 80 मीटर तक ड्रिलिंग कर जांच की जाएगी।
मौके पर मौजूद तीन भू-वैज्ञानिकों और खनिज विभाग की टीम ने विभिन्न स्तरों पर सैंपल कलेक्ट कर विस्तृत जांच करने की बात कही है। अधिकारियों के अनुसार कोल ब्लॉक का सटीक क्षेत्रफल अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान में यह काफी बड़े इलाके में फैला हुआ प्रतीत हो रहा है। जांच रिपोर्ट आने वाले दिनों में शासन को भेजी जाएगी।
यदि परिणाम सकारात्मक रहे तो कटनी जिले को जल्द ही पहली बड़ी कोयला खदान मिलने की संभावना है। गौरतलब है कि करीब पांच महीने पहले कटनी में आयोजित माइनिंग कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में 56 हजार 400 करोड़ रुपये के एमओयू साइन हुए थे, जिसमें जिले में सोने और क्रिटिकल मिनरल्स की संभावनाएं सामने आई थीं। अब कोयले के संकेत मिलने से कटनी की खनिज पहचान और मजबूत हो गई है।
इससे न केवल मध्यप्रदेश शासन को बड़ा राजस्व मिलेगा, बल्कि कटनी जिले में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। अब सभी की नजरें आगामी ड्रिलिंग और GIS रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो तय करेगी कि कटनी की धरती के नीचे छिपा यह खजाना कितना बड़ा है।
रत्नेश दीक्षित, खनिज उपसंचालक
नोट : कटनी जिले की हर छोटी बड़ी खबर एवं विज्ञापन के हेतु सम्पर्क करे : संवाददाता हेमंत सिंह 9425829327

