Oplus_16908288
कटनी। जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान वोट चोरी और मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के गंभीर आरोप सामने आए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं अधिवक्ता मिथलेश जैन ने आरोप लगाया है कि भाजपा द्वारा सुनियोजित तरीके से फर्जी आपत्तियाँ (फॉर्म-7) लगाकर हजारों मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कटवाए जा रहे हैं।

शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में मिथलेश जैन ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को किया गया था। इसके बाद नाम जोड़ने और हटाने के लिए फॉर्म-6 एवं फॉर्म-7 आमंत्रित किए गए, लेकिन इसी प्रक्रिया का दुरुपयोग कर मतदाता सूची से नाम काटने का खेल शुरू कर दिया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि रघुनाथगंज वार्ड क्रमांक-23 के बूथ नंबर 178, न्यू कटनी जंक्शन क्षेत्र के बूथ क्रमांक 138 से 149 सहित शहर के कई वार्डों में एक साथ हजारों फर्जी आपत्तियाँ तहसील कंट्रोल रूम में जमा कराई गईं। इन आपत्तियों में जिन मतदाताओं के नाम हटाने की मांग की गई है, उनके नाम कंप्यूटर से टाइप किए गए हैं, जबकि आपत्तिकर्ताओं के नाम और हस्ताक्षर हस्तलिखित पाए गए हैं, जो स्पष्ट रूप से फर्जीवाड़े की ओर इशारा करते हैं।
प्रेस वार्ता में यह भी खुलासा किया गया कि कई मामलों में जिन व्यक्तियों के नाम से आपत्तियाँ दाखिल की गईं, उन्होंने स्वयं लिखित शिकायत देकर बताया है कि उन्होंने न तो कोई आपत्ति लगाई और न ही किसी फॉर्म पर हस्ताक्षर किए। ग्राम गुलवारा निवासी दिलीप हल्दकार ने जिला निर्वाचन अधिकारी को दिए आवेदन में बताया कि उनके नाम और फर्जी हस्ताक्षर का उपयोग कर फॉर्म-7 भरते हुए मतदाता सूची से नाम हटाने का प्रयास किया गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे अंग्रेज़ी में हस्ताक्षर करते हैं, जबकि फॉर्म में हिंदी हस्ताक्षर दर्शाए गए हैं।

इसी तरह शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के अन्य बूथों में भी फर्जी नामों से आपत्तियाँ लगाकर कांग्रेस समर्थित, अल्पसंख्यक एवं विशेष वर्ग के मतदाताओं को वोटर लिस्ट से बाहर करने का आरोप लगाया गया है।
प्रेस वार्ता में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने जिला निर्वाचन अधिकारी से मांग की कि नाम काटने के लिए प्रस्तुत किए गए सभी फॉर्म-7 को तत्काल जब्त कर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा फर्जीवाड़े में शामिल कर्मचारियों एवं संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
पत्रकार वार्ता में जिला (शहर) कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मिथलेश जैन, जिला (ग्रामीण) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष डॉ. गुमान सिंह, पूर्व अध्यक्ष करण सिंह, प्रदेश जिला महामंत्री रजनी वर्मा, अधिवक्ता भूपेश जायसवाल, नगर निगम के पूर्व पार्षद मनोज कुमार गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेस नेता विवेक पांडे, गोविंद सचदेवा, दानिश अहमद सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
