

कटनी।L&T कंपनी के मजदूरों का कामकाज पिछले तीन दिनों से बंद है और हड़ताल लगातार जारी है। प्रबंधन की ओर से दिए गए मौखिक आश्वासन को मजदूरों ने अस्वीकार कर दिया है। इसके विरोध में मजदूरों ने गुरुवार को सुभाष चौक से कटनी कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पदयात्रा निकालकर कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है।
बीते मंगलवार को फेब्रिकेशन हेड फिलिप्स पंड्यान एवं बीएसी अनिमेष सिंह (साइट इंचार्ज) के साथ मजदूरों की बैठक हुई थी, जिसमें प्रबंधन की ओर से 18 तारीख तक सभी मांगें पूरी करने का मौखिक आश्वासन दिया गया। मजदूरों की प्रमुख मांगों में पिछले 5 वर्षों का बोनस, 5 वर्षों का पीएफ, ईएसआईसी सुविधा, बेसिक मेडिकल फैसिलिटी, अवकाश (लीव), 4 घंटे का ओवरटाइम, ओवर हाइट अलाउंस एवं ग्रे-ड्यूटी अलाउंस शामिल हैं।
हालांकि लिखित आश्वासन न मिलने और मांगों पर ठोस निर्णय न होने के कारण मजदूरों ने हड़ताल जारी रखने का फैसला किया है। मजदूरों का कहना है कि वे 18 तारीख तक इंतजार करेंगे, लेकिन यदि तब तक समस्याओं का समाधान नहीं होता है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ऑपरेटर संजय सिंह के बयान के अनुसार, आगामी गुरुवार को बड़ी संख्या में मजदूर कटनी शहर के प्रमुख चौराहों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे और कलेक्टर महोदय के समक्ष ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग करेंगे। मजदूरों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
नोट : कटनी शहर व ग्रामीण क्षेत्र की हर छोटी बड़ी खबरों एवं विज्ञापन हेतु सम्पर्क करे संवाददाता हेमंत सिंह 9425829327

