
कटनी। जिले में अपराध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आजाद चौक का है, जहां एक युवक पर पुरानी रंजिश के चलते धारदार चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल युवक सुभाशु तिवारी, निवासी भट्टा मोहल्ला, ने जानकारी देते हुए बताया कि वह आजाद चौक स्थित बट्टी लाल पटाखे वाले की दुकान के सामने पहुंचा था, तभी दर्जनों की संख्या में कुछ युवक वहां पहुंचे और अचानक पुरानी रंजिश के चलते उस पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसे गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर मौजूद नागरिकों ने तत्काल घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद घायल द्वारा कटनी कोतवाली थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर जिला अस्पताल पुलिस चौकी में पहुंची पुलिस टीम ने घायल से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान कर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
