
कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आजाद चौक में दिन रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घायल युवक को स्थानीय नागरिकों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान सुभाशु तिवारी (उम्र 23 वर्ष) पिता सुशील तिवारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक पर अनमोल एवं उसके अन्य साथियों ने मिलकर पुरानी रंजिश के चलते चाकू से हमला किया।
यह घटना आजाद चौक स्थित बट्टी लाल पटाखे के पास हुई। अचानक हुए हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को संभाला और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान घायल युवक ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
