कटनी शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नागरिकों को सोशल मीडिया, समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से लगातार नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा न करने की समझाइश दी जा रही है, इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई जारी है।
नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि यदि शहर में ट्रैफिक जाम से निजात पानी है तो सबसे पहले सभी नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करना आवश्यक है। वाहन चालकों से अपील की जा रही है कि वे अपने वाहन सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्थानों पर ही पार्क करें, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसी क्रम में शनिवार, 24 जनवरी 2026 की शाम को दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर–रेलवे जंक्शन मार्ग पर नो पार्किंग जोन में अव्यवस्थित रूप से खड़े दो वाहन पाए गए। सूचना मिलने पर मौके पर कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे अपने बल के साथ पहुंचीं और नियमों का उल्लंघन करने वाले दोनों वाहनों पर चालानी कार्रवाई की।
कोतवाली थाना प्रभारी ने शहर वासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि किसी अन्य नागरिक को आने-जाने में परेशानी न हो और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
