
कचरा वाहन से पूरे शहर में गिरता रहा वेस्ट मटेरियल, न्यायालय से लेकर जेल मोड़ तक फैली दुर्गन्ध..
स्कूल बच्चों की सांसों पर संकट, नागरिक बोले- अधिकारियों की लापरवाही से स्वास्थ्य से खिलवाड़!
ग्राऊंड रिपोर्ट : हेमन्त सिंह

कटनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छ भारत मिशन के तहत देशभर में स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है, लेकिन कटनी जिले में MSW (म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट) विभाग की घोर लापरवाही ने इस अभियान को धूमिल कर दिया है। बुधवार 11 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 2:15 बजे माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमीरगंज स्थित MSW कचरा प्लांट से कचरा लोड कर एक ओवरलोड वाहन शहर की ओर रवाना हुआ, जो पूरे रास्ते दुर्गन्ध फैलाते और कचरा गिराते हुए निकल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार MSW विभाग का यह वाहन अमीरगंज प्लांट से निकलने के बाद पूरे मार्ग में जगह-जगह कचरा गिराता रहा। सबसे अधिक गंभीर स्थिति झिंझरी जेल मोड़ के पास देखी गई, जहां सड़क पर भारी मात्रा में कचरा एकत्रित हो गया। हालांकि यह घटना सिर्फ जेल मोड़ तक सीमित नहीं रही, बल्कि वाहन चालक ने पूरे रास्ते लापरवाही बरतते हुए शहर के प्रमुख मार्गों को गंदगी में तब्दील कर दिया।
जिला न्यायालय के सामने फैलाया कचरा, दुर्गन्ध से लोग परेशान

हैरान करने वाली बात यह रही कि वाहन चालक ने जिला न्यायालय के सामने भी कचरा फैलाते हुए वाहन दौड़ा दिया। न्यायालय के बाहर स्थित होटल, जलपान गृह और दुकानों के पास मौजूद लोग बदबू से परेशान हो गए। न्यायालय में अपने कार्य से आए पीड़ित और आम नागरिकों को वहां खड़े रहना तक मुश्किल हो गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि कचरे की बदबू इतनी तीव्र थी कि पूरे क्षेत्र में सांस लेना तक दूभर हो गया। वहीं सड़क किनारे घूम रहे मवेशी भी इस गंदगी को खाते नजर आए, जो गंभीर स्वास्थ्य संकट का संकेत है।
बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़, स्कूल बसों में बैठे बच्चे हुए परेशान

सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि झिंझरी जेल मोड़ के पास स्कूलों की छुट्टी के बाद सेंट पॉल स्कूल और सेंट्रल पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राएं बसों में बैठकर उसी मार्ग से गुजर रहे थे। बच्चों ने बताया कि बदबू इतनी तेज थी कि उन्हें तुरंत नाक-मुंह ढकना पड़ा और सांस लेने में परेशानी हुई।
नागरिकों में आक्रोश, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
मौके पर मौजूद नागरिकों ने सवाल उठाया कि यदि कचरा वाहन सही तरीके से कवर होकर चलता, तो सड़क पर कचरा फैलने और दुर्गन्ध फैलने की स्थिति नहीं बनती। लोगों ने मांग की है कि MSW विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों एवं वाहन चालक पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।
अब बड़ा सवाल यह है कि,स्वच्छता का संदेश देने वाला विभाग खुद ही शहर को गंदगी में क्यों झोंक रहा है? कटनी में MSW विभाग की यह कार्यशैली स्वच्छ भारत अभियान की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली साबित हो रही है।
प्रशासन से मांग है कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो और शहरवासियों को इस दुर्गन्ध व बीमारी के खतरे से बचाया जाए।
