कटनी।कटनी–बहोरीबंद तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भटगवां के पास पडरेही में संचालित बनवारी मिनरल्स नामक कंपनी पर खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारा। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खनिज विभाग द्वारा वर्ष 2015 में राजेंद्र गुप्ता के नाम से खनन लीज स्वीकृत की गई थी, जिनका लगभग दो वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। इसके बावजूद बिना वैध लीज ट्रांसफर कराए चोरी-छिपे बड़े पैमाने पर खनन एवं परिवहन कार्य किया जा रहा था।
सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा ने बताया कि राजेंद्र गुप्ता की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी के नाम से लीज स्थानांतरण की प्रक्रिया अभी लंबित है। इसके बावजूद अवैध रूप से उत्खनन कर खनिज का परिवहन किया जा रहा था, जो स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन है।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने मौके से एक पोकलेन मशीन सहित परिवहन में लगे कई ट्रकों को जब्त किया। जब्त वाहनों में ट्रक क्रमांक MH 40 CD 3829, MP 21 H 1945, MP 21 H 1944, NL 01 AB 9310, NL 01 AB 2734, HR 73 B 5900, MH 40 CD 8329, MH 30 AA 9292 एवं MH 40 BG 8333 शामिल हैं। सभी जब्त वाहनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
इस कार्रवाई में एसडीएम राकेश चौरसिया, एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी, खनिज सहायक कमल कांत परस्ते, तहसीलदार आकाशदीप नामदेव, नायब तहसीलदार राजकुमार नामदेव, थाना प्रभारी स्लीमनाबाद सुदेश सुमन सहित पुलिस व प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।
प्रशासन ने अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
