
कटनी। स्वस्थ कटनी, स्वस्थ नगर, स्वस्थ देश के संकल्प के साथ रविवार को शहर में रन फॉर कटनी – सुपर संडे फिटनेस महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहरवासियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कड़ाके की ठंड के बावजूद हजारों की संख्या में बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्गों ने मैराथन दौड़ में भाग लेकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक एडवोकेट मौसूफ बिट्टू ने बताया कि प्रतिभागियों के जोश का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सुबह 7 बजे ठंड के बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। मैराथन से पूर्व वार्म-अप सेशन आयोजित किया गया, जिसमें डीजे फ्रॉलिक्स की धुन पर नेहा मोटवानी, आलोक कचेर, मुस्कान संगतानी और शिखा रावलानी ने हजारों प्रतिभागियों को लीड किया। देशभक्ति गीतों और जोशीले संगीत पर पूरा शहर झूमता नजर आया।
समर्पण भारत बिट्टू सेवा ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम को जिला अधिवक्ता संघ, जिला एथलेटिक संघ एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग का मार्गदर्शन प्राप्त रहा। जबलपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, मनीष गेई, अमित शुक्ला, प्रेम बत्रा, दिव्यांशु मिश्रा, ऋषभ मित्तल, सुमित अग्रवाल और मुकेश मुल्तानी ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया।
मैराथन का रूट
रन फॉर कटनी की दौड़ स्टेशन चौराहा से शुरू होकर सुभाष चौक, मिशन चौक, चांडक चौक, आदर्श कॉलोनी तिराहा, घंटाघर, गर्ग चौराहा, बरही रोड होते हुए पुनः स्टेशन चौराहा पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह प्रतिभागियों का भव्य स्वागत किया गया।
सेवा और सहयोग
नगर निगम के सामने डीपीएस स्कूल परिवार, चांडक चौक में मलिक परिवार, घंटाघर के पास यूथ हॉस्टल एसोसिएशन तथा गर्ग चौराहे पर चौहान परिवार द्वारा पानी, ड्रिंक और फास्ट फूड की व्यवस्था की गई। कुछ प्रतिभागियों को निशुल्क टी-शर्ट और टोपी भी वितरित की गई।
सम्मान समारोह
कार्यक्रम के दौरान नारी शक्ति सम्मान, ग्रुप सम्मान और सोशल मीडिया योद्धाओं का सम्मान किया गया। महिलाओं एवं बेटियों के सम्मान में श्रीमती नीतू लालवानी, अनामिका बाजपेई, जूही सीरवानी और पूर्वी शुक्ला को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
बच्चों ने ग्रुप डांस के माध्यम से एकता और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। गीतांजलि कला परिषद की संचालक सपना नामदेव के निर्देशन में शानदार नृत्य प्रस्तुति दी गई। वहीं दीपक अंश–मनीष राज टीम द्वारा रॉक बैंड की लाइव परफॉर्मेंस ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
बच्चों ने ग्रुप डांस के माध्यम से एकता और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। गीतांजलि कला परिषद की संचालक सपना नामदेव के निर्देशन में शानदार नृत्य प्रस्तुति दी गई। वहीं दीपक अंश–मनीष राज टीम द्वारा रॉक बैंड की लाइव परफॉर्मेंस ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी, शिक्षाविद, डॉक्टर, युवा और सामाजिक कार्यकर्ताओं की बड़ी सहभागिता रही। कुल मिलाकर रन फॉर कटनी ने शहर को फिटनेस, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया।
