Oplus_16908288

कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहन टॉकीज इलाके में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने युवक को लात-घूंसों और डंडों से इस कदर पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मारपीट की पूरी वारदात साफ तौर पर नजर आ रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मलाई मंदिर क्षेत्र निवासी अनुराग जायसवाल (25) पिता विजय कुमार जायसवाल देर रात करीब 12 बजे मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान मोहन टॉकीज के पास अरुण यादव नामक युवक ने उसे रोक लिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी शराब के नशे में था और बिना किसी कारण गाली-गलौज करने लगा।
विरोध करने पर आरोपी ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया और सभी ने मिलकर अनुराग पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान डंडों से भी वार किए गए, जिससे युवक के शरीर पर गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायल को अस्पताल पहुंचाया।
घायल अनुराग जायसवाल ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान आरोपी अरुण यादव लगातार धमकियां देता रहा। पीड़ित के मुताबिक आरोपी ने यह कहते हुए धौंस जमाई कि उसके रिश्तेदार कोतवाली थाने में पदस्थ हैं और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। परिजनों ने भी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
वहीं इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार डेहरिया ने बताया कि पुलिस टीम रात में ही घायल का बयान लेने अस्पताल पहुंची थी, लेकिन उस समय उसकी स्थिति बयान देने योग्य नहीं थी। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज को पुलिस ने संज्ञान में ले लिया है और जल्द ही घायल के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
