
हत्या के बाद झाड़ियों में छिपाया गया शव, आरोपी नामजद…
कटनी। जिले के कैमोर थाना क्षेत्र अंतर्गत नन्हवारा कला गांव में पुरानी रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। बीती रात हुए सनसनीखेज हत्याकांड में 31 वर्षीय युवक की पत्थर से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी ने शव को गांव के समीप बड़ी खदान के पास झाड़ियों में छिपा दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को नामजद कर मामला दर्ज कर लिया है।मृतक की पहचान आलोक गुप्ता (31 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 11, खरखरी छैघरा, थाना विजयराघवगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार नन्हवारा कला वार्ड क्रमांक 1 निवासी सोनू कोल पिता सुभाष कोल से आलोक की पुरानी रंजिश चली आ रही थी।
इसी विवाद के चलते बीती रात कहासुनी हिंसा में बदल गई और आरोपी ने आलोक के सिर पर पत्थर पटककर उसकी हत्या कर दी।हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को नन्हवारा कला की बड़ी खदान के पास झाड़ियों में छिपा दिया।
सुबह झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही कैमोर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मामले की पुष्टि करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पुरानी रंजिश सामने आया है। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
इस हत्याकांड से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नोट : कटनी शहर व ग्रामीण क्षेत्र की हर छोटी बड़ी खबरें एवं विज्ञापन हेतु सम्पर्क करे संवाददाता हेमंत सिंह -9425829327


