कटनी : मित्र विहार कॉलोनी में विगत दिनों भगवान के चबूतरे के पास दो सर्प दिखाई देने की सूचना मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना प्राप्त होते ही रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सतर्कता के साथ दोनों सर्पों को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया। रेस्क्यू कार्य अंकुर श्रीवास द्वारा स्थानीय निवासियों के सहयोग से सफलतापूर्वक किया गया। रेस्क्यू के दौरान यह पाया गया कि दोनों सर्प असड़िया प्रजाति के थे, जिनमें एक नर और एक मादा शामिल थी।
गौ रक्षा कमांडो फोर्स की जिला अध्यक्ष एवं पशु प्रेमी अमिता श्रीवास ने बताया कि दोनों सर्पों को बिना किसी क्षति के सुरक्षित रूप से पास के जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया, जिससे मानव और वन्यजीवों—दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
स्थानीय नागरिकों ने समय पर की गई कार्रवाई और जिम्मेदार रेस्क्यू कार्य के लिए टीम का आभार व्यक्त किया।
