
कटनी। शहर के व्यस्ततम बस स्टैंड क्षेत्र में शनिवार सुबह भीषण आग लगने की घटना सामने आई, जिससे बस स्टैंड परिसर में स्थित दो दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस आगजनी में लगभग 7 से 8 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 5:40 बजे स्थानीय लोगों ने बस स्टैंड पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड परिसर में स्थित एक पान मसाला दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। तत्काल इसकी सूचना पुलिस एवं फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए एक फायर वाहन एवं टीम को मौके पर रवाना किया गया।
फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले दीपक श्रीवास्तव की पान मसाला दुकान में लगी थी, जो तेजी से फैलते हुए पास में स्थित चाय-नाश्ते की दुकान तक पहुंच गई।
चाय-नाश्ते की दुकान में रखे फ्रीज, हीटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य सामान आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गए। साथ ही दोनों दुकानों में रखा सामान और दुकान की संरचना भी जलकर राख हो गई।
गनीमत रही कि घटना के समय दुकानें बंद थीं, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर पुलिस एवं फायर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना
