कटनी।कटनी शहर के प्रसिद्ध रंगनाथ मंदिर में आयोजित सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में हुआ। इस पावन अवसर पर कथा व्यास परम पूज्य श्री इंद्रेश उपाध्याय महाराज जी ने न केवल अमृतमयी श्रीमद्भागवत कथा से श्रद्धालुओं को भावविभोर किया, बल्कि कटनी शहर की ट्रैफिक एवं पुलिस प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की खुले मंच से सराहना भी की।
कथा के दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए महाराज श्री ने कहा कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन के बावजूद कटनी शहर में ट्रैफिक व्यवस्था अत्यंत सुचारु और व्यवस्थित है।
उन्होंने विशेष रूप से कथा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए वाहन पार्किंग की बेहतर व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
महाराज श्री ने कहा कि कई बार धार्मिक आयोजनों में यातायात व्यवस्था ठीक न होने से श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, लेकिन कटनी में पुलिस एवं जिला प्रशासन के समन्वय से की गई व्यवस्थाएं वास्तव में काबिले-तारीफ हैं।
उनकी इस प्रशंसा पर कथा पंडाल में उपस्थित श्रद्धालुओं ने तालियों के साथ प्रशासन और आयोजकों का उत्साहवर्धन किया।
श्रीमद्भागवत कथा के दौरान पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत नजर आया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं, वहीं अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह संतोषजनक बनी हुई है।
