57 गैस सिलेंडर, पिकअप व बाइक सहित 14 लाख का मशरूका जब्त…
कटनी | रविवार, 01 फरवरी 2026
कटनी जिले में गैस गोदामों से हो रही सिलेंडर चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। बड़वारा व बिलहरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सिलेंडर चोरी करने वाले गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को भी पकड़ा गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देश पर गैस गोदामों में हुई चोरियों का त्वरित खुलासा करने हेतु विशेष टीम गठित की गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं डीएसपी मुख्यालय श्री रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक राजेंद्र मिश्रा तथा चौकी प्रभारी बिलहरी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
दिनांक 17 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात बिलहरी स्थित भारत गैस गोदाम से 44 सिलेंडर चोरी होने की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कन्हवारा–विजयराघवगढ़ रोड पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका। वाहन चालक ने अपना नाम सन्नी दाहिया बताया, जिसने पूछताछ में साथियों के साथ सिलेंडर चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों ने बिलहरी, बड़वारा, एनकेजे सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों से सिलेंडर चोरी करना कबूल किया। कुछ सिलेंडर आपस में बांट लिए गए, जबकि लगभग 30 सिलेंडर बेच दिए गए।
अब तक की बरामदगी
भारत गैस के 24 सिलेंडर
इंडेन गैस के 28 सिलेंडर
एचपी गैस के 03 सिलेंडर
घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन
पल्सर मोटरसाइकिल
अब तक कुल 57 सिलेंडर बरामद किए जा चुके हैं, शेष 47 सिलेंडर की बरामदगी हेतु पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 14 लाख रुपये आंकी गई है।
दर्ज अपराध
1.अपराध क्रमांक 65/26 – थाना कुठला, चौकी बिलहरी (भारत गैस गोदाम)
2.अपराध क्रमांक 55/26 – थाना बड़वारा (इंडेन गैस गोदाम)
3.अपराध क्रमांक 472/25 – थाना एनकेजे
गिरफ्तार आरोपी
1.सन्नी दाहिया, निवासी कछगवां, विजयराघवगढ़
2.मनोज उर्फ रोहित यादव (22), निवासी ग्राम छैघरा
3.संदीप काछी (27), निवासी ग्राम छैघरा
4.कुती उर्फ सलोक कुशवाहा (18), निवासी ग्राम जोबीकला
5.मंजू उर्फ जयदेव पटेल (33), निवासी ग्राम जोबीकला
6.नासिर हुसैन, निवासी लमतरा – सिलेंडर खरीदने वाला
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थाना कुठला, चौकी बिलहरी, बड़वारा थाना एवं साइबर सेल के अधिकारियों व कर्मचारियों की महत्वपूर्ण व सराहनीय भूमिका रही।
कटनी पुलिस द्वारा जिले में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु लगातार सख्त कार्रवाई जारी है।
