
कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मुख्य रेलवे स्टेशन जंक्शन परिसर के आसपास अवैध शराब बिक्री की गतिविधियों को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं।
जानकारी के अनुसार एक युवक द्वारा कथित रूप से निजी स्कूटी की डिक्की के माध्यम से लाल एवं सफेद मसाला शराब का विक्रय किया जा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पूरा कार्य निर्धारित समय और आबकारी नियमों की अवहेलना करते हुए संचालित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के अनुसार बिना वैध अनुमति के शराब का भंडारण, परिवहन एवं विक्रय एक दंडनीय अपराध है। नियमों के तहत केवल लाइसेंसधारी विक्रेता ही निर्धारित स्थान एवं समयावधि में शराब का विक्रय कर सकते हैं।स्थानीय नागरिकों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह गंभीर अवैध गतिविधि की श्रेणी में आता है।वहीं अब तक इस मामले में आबकारी विभाग एवं सिटी कोतवाली पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जिससे क्षेत्र में सवाल और असंतोष का माहौल बना हुआ है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।
